Tuesday, 5 July 2011

आठ जुलाई से प्रदेश भर में होगी झमाझम


हिसार, जागरण संवाददाता : सब ठीक-ठाक रहा तो आठ जुलाई से पूरे प्रदेश में मानसून की झमाझम शुरू हो जाएगी। वहीं प्रदेश के यमुनानगर, झज्जर, गुड़गांव, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेन्द्रगढ़ व भिवानी जिलों में बुधवार को बारिश हो सकती है।
भारतीय मौसम विभाग द्वारा मौसम पुर्वा अनुमान के अनुसार प्रदेश के 19 जिलों में आठ जुलाई से मानसून पूरी तरह से दस्तक दे सकता है जबकि मेवात जिले के बारे में कोई सूचना जारी नहीं की गई है। हिसार, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, फतेहाबाद व सिरसा में आठ जुलाई से बारिश की संभावना जताई है। इसी प्रकार झज्जर, गुड़गांव, रेवाड़ी, महेन्द्रगढ व भिवानी में छह जुलाई तो बारिश की संभावना जताई है लेकिन सात जुलाई को मौसम ठीक-ठाक रहेगा। इसी प्रकार फरीदाबाद व यमुनानगर में छह जुलाई से लगातार बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की माने तो यमुनानगर, झज्जर, गुड़गांव, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेन्द्रगढ़ व भिवानी को छोड़कर बाकी जिलों को छह और सात जुलाई को बारिश का इंतजार करना पड़ेगा।
source:-jagran.yahoo.com

बारिश ने राहत के साथ आफत भी बढ़ाई


फरीदाबाद। मंगलवार को उमस भरी गर्मी से बारिश ने लोगों को राहत दी। लेकिन यह राहत शहर के लिए आफत भी बन गई। जगह-जगह जलभराव के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। वहीं कई जगह इससे वाहनों का लंबा जाम भी लग गया।
मंगलवार को को हुई बारिश के कारण सेक्टर 22, 23, 24 सोहना से हार्डवेयर रोड के लिए जाने वाली सड़क तालाब में परिवर्तित हो गई। तकरीबन एक घंटे तक सड़क पर पानी जमा रहा। इस पानी में कई लोगों के वाहन बंद हो गए।
इसके अलावा नेहरू ग्राउंड, मेट्रो मोड़, बीके से नीलम को जाने वाली सड़क पूरी तरह से जलमग्न थी। एनआईटी के अंतर्गत आने वाली कॉलोनियों का भी यही हाल था।
दूसरी तरफ बल्लभगढ़ चौक पर सोहना की तरफ जाने वाले फ्लाईओवर के पास पानी भरा होने के कारण आगरा से दिल्ली जाने वाले लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
तकरीबन यही हाल ओल्ड फरीदाबाद स्थित सेक्टरों व कॉलोनियों के थे। सेक्टर 15 जैसे पॉश इलाके में भी भर गया। लोगों ने जलभराव से छुटकारा पाने के लिए मथुरा रोड का सहारा लिया
source:-bhaskar.com/

रुपए वापस लेने उमड़े लोग

हिसार। पल्र्स एग्रीकल्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसीएल) कंपनी के कार्यालय में दूसरे दिन मंगलवार को भी निवेशकों और कंपनी अधिकारी, एजेंट्स के बीच नोकझोंक चलती रही। गड़बड़ी की सूचना पर 150 से ज्यादा निवेशकों ने कंपनी में रुपए वापस देने के लिए आवेदन किया। कंपनी के अधिकारी निवेशकों को 25 दिन में वापस देने के लिए कह रहे हैं।

रेड स्क्वेयर मार्केट में बीएसएनएल कार्यालय में दोपहर तक सैकड़ों निवेशकों की भीड़ लग गई। निवेशक कंपनी में गड़बड़ी की सूचनाओं से काफी परेशान थे। पॉलिसी का पैसा लेने पहुंचे निवेशकों को अधिकारियों ने सवा छह प्रतिशत और कई को 20 प्रतिशत तक की कटौती के साथ पैसा वापस देने की बात कही

इससे निवेशक भड़क गए और अधिकारियों के साथ उनकी बहस भी हुई। दूसरे दिन 150 से ज्यादा निवेशकों ने पैसा वापस देने के लिए आवेदन किया है, कुछ एजेंटों और निवेशकों ने पैसा जमा भी करवाया।

सवा छह प्रतिशत की होगी कटौती

पीएसीएल इंडिया लिमिटेड के इंचार्ज देव नारायण ने बताया कि कंपनी में मंगलवार को 150 से ज्यादा लोगों ने पैसा वापस देने के लिए आवेदन किया है। कंपनी ने पहले ही निवेशकों को पॉलिसी बीच में तोड़ने पर पैसा काटने के लिए कहा गया है। पुरानी पॉलिसी के सवा छह प्रतिशत और नई पॉलिसी के उससे ज्यादा जमा रकम में कटौती की जाएगी।

कुछ दिन पहले ही कंपनी में पैसा जमा करवाया था। लेकिन आज आकर पैसा वापस मांगा तो वह 20 प्रतिशत तक पैसा काट कर देने की बात कह रहे हैं।""
रंजना देवी, निवासी ऋषि नगर

source:-bhaskar.com

विश्व में पहली बार होगी नॉन स्टॉप 108 भागवत कथा

हांसी। महामंडलेश्वर साध्वी संतोषानंद सरस्वती लगातार 108 भागवत कथा करने जा रही है। ऐसा विश्व में पहली बार हो रहा है, जब कोई संत नॉन स्टॉप 108 भागवत कथा करेंगी।

इसका शुभारंभ सज्जनपुर धाम स्थित श्री शांति शक्तिपीठ आश्रम से 9 जुलाई को होगा। आश्रम के स्वामी महामंडलेश्वर महेशानंद सरस्वती कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

मंगलवार को आश्रम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए महेशानंद सरस्वती ने कहा कि साध्वी संतोषानंद सरस्वती ने 10 राज्यों में पूरे 2 वर्ष 25 दिनों तक भागवत कथा करने का संकल्प लिया है।

इसके पीछे उद्देश्य पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत महापुराण को साक्षात श्रीकृष्ण स्वरूप माना गया है। भागवत का श्रवण तमाम दुखों का हरता है, अभीष्ट फल की प्राप्ति होती है।

राष्ट्र की महिमा गौरवान्वित होती है तथा विश्व में शांति, ज्ञान और वैराग्य पुष्ट होता है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत में 18 हजार श्लोक शामिल है, जिनका वर्णन आदि अनंत है। कार्यक्रम के पहले दिन 9 जुलाई को काली देवी मंदिर से आश्रम तक कलश यात्रा निकाली जाएगी।

इस दौरान गंगाजल से भरे हुए 108 कलश स्थापित किए जाएंगे। ये कलश जहां भी भागवत कथा होगी वहां मौजूद रहेंगे। इसी आश्रम में 2007 में लक्ष चंडी महायज्ञ का आयोजन हुआ था।

source:-bhaskar.com

Monday, 4 July 2011

न्यू लाहौरिया स्कूल के विशाल तनेजा को चार लाख की छात्रवृति


हिसार, जागरण संवाद केंद्र : भारत सरकार के विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं के परीक्षा परिणाम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले न्यू लाहौरिया स्कूल के छात्र विशाल तनेजा को छात्रवृति के लिए चुना गया है। इस छात्र को अगले पांच वर्षो तक उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए 80 हजार रुपये प्रति वर्ष छात्रवृति के तौर पर दिया जाएगा। इस बारे में स्कूल के चेयरमैन प्यारे लाल लाहौरिया ने बताया कि सीबीएसई द्वारा घोषित परिणाम में इस छात्र ने 93.6 फीसदी अंक प्राप्त करके हिसार में दूसरा स्थान हासिल किया था। उन्होंने कहा कि विशाल तनेजा को विज्ञान के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए कुल चार लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने विशाल व उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए बताया कि पिछले सत्र में भी इस छात्र ने बेहतर प्रदर्शन किया था।
समाप्त
राकेश
source:-in.jagran.yahoo.com

..तो रात भर रोशन रहेगा हिसार


संजय योगी, हिसार
वह दिन दूर नहीं जब शहर हिसार की सड़कें रात भर रोशन रहेगी। अंधेरे में डूबी रहने वाली शहर की सड़कों के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने ऐसा प्रपोजल तैयार किया है जिसमें बिजली गुल होने की गुंजाइश नाममात्र की है। फिलहाल इस प्रपोजल को निगम के उच्चाधिकारियों के पास अनुमति के लिए भेजा गया है। जानकारी के अनुसार नगर योजनाकार निदेशालय ने निगम की स्ट्रीट लाइटों के लिए एक विशेष प्रपोजल तैयार करने को कहा था। इस पर निगम ने पूरे शहर की स्ट्रीट लाइटों को चार जोन में बांटकर विशेष प्रपोजल तैयार किया है। इसमें बीड सब स्टेशन, एचटीएम सब स्टेशन, जिंदल मैटल सब स्टेशन व राजगढ़ रोड सब स्टेशन के जोन बनाए गए हैं। इन सब स्टेशनों के माध्यम से निगम स्ट्रीट लाइटों के लिए अलग से फीडर खींच कर बिजली मुहैया करवाई जाएगी और सब स्टेशनों में ही इनके कंट्रोल पैनल लगाए जाएंगे। अधिकारियों का दावा है कि जब तक सब स्टेशन पर बिजली रहेगी तब तक स्ट्रीट लाइटों की बत्ती गुल नहीं होगी वहीं कंट्रोल पैनल सब स्टेशनों में होने के कारण बिजली की बचत भी होगी।
गौरतलब है कि निगम अब तक स्ट्रीट लाइटों को केवल बिजली आपूर्ति करता था लेकिन कंट्रोल पैनल निगम के पास ही था। इस प्रपोजल को धरातल पर लाने के लिए दो करोड़ 22 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके तहत बीड़ सब स्टेशन से निकलने वाले फीडर पर 54 लाख, 67 हजार, एचटीएम फीडर के लिए 79 लाख 56 हजार, जिंदल मैटल के लिए 28 लाख 80 हजार व राजगढ़ सब स्टेशन से निकलने वाले फीडर पर 59 लाख 2 हजार रुपये का अनुमानित खर्च है। स्ट्रीट लाइट के लिए यहां से निकलने वाले फीडर से बरवाला चौक से पड़ाव चौक, आटो मार्केट, सेक्टर-14, हाउसिंग बोर्ड, सिरसा रोड, बस स्टेंड, नागोरी गेट से पुराने ओवरब्रिज तक सड़कें रोशन रहेगी। इस सब स्टेशन के तहत पड़ाव चौक से मिल गेट तक, सेक्टर 1-4, मेला ग्राउंड, महावीर कालोनी व शहर के अन्य अंदरूनी हिस्से शामिल हैं। निगम के कार्यकारी अभियंता एसके सिंह का कहना है कि प्रपोजल तैयार करके निगम के उच्चाधिकारियों के पास भेज दिया गया है। उच्चाधिकारियों के आदेश व फंड मिलने के बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
source:-in.jagran.yahoo.com

जेल में बैठे ही गैंग ने तैयार की रणनीति

हिसार. बाइकर्स गैंग फायरिंग केस की एक के बाद एक गुत्थी सुलझती हुई नजर आ रही है। जेल में सट्टा खाइवाल की हत्या के मामले में सजा काट रहा शमशेर फायरिंग गैंग का सरगना है और उसके इशारे पर ही सभी वारदातों को अंजाम दिया गया है।

सात जून को शमशेर पैरोल पर आया था और 22 जून तक उसने पूरी योजना बना ली थी। उसने अपने साथियों को उसका इशारा मिलने तक शांत रहने के लिए कहा गया था। 23 जून को शमशेर पैरोल से वापस जेल गया था। जेल से ही शुरू हुआ दहशत फैला कर पैसे ऐंठने का सिलसिला।

तीन को प्रोडक्शन वारंट

पुलिस जेल में बंद शमशेर के अलावा केशू उर्फ मुकेश, मनोज बिश्नोई को प्रोडक्शन वारंट पर लाई। पुलिस ने रविवार को पकड़े गए अविनाश के साथ शमशेर, केशू और मनोज बिश्नोई को सोमवार को न्यायिक दंडाधिकारी सुनीता गुप्ता अदालत में पेश किया। यहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने सात दिन का रिमांड मांगा था, मगर चार दिन का ही मिल पाया।

एक ही गैंग के सभी

शहर पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर लाए शमशेर, केशू और मनोज कोर्ट चौकी में एक घंटे पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि शमशेर ने ही योजना बनाई थी। वारदातों को अंजाम देने के लिए पांच लोग शामिल थे। इन्होंने शुक्रवार को डोगरान मोहल्ला और शनिवार को पटेल नगर, राजगुरु मार्केट इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। हमलावरों का इरादा इन वारदातों के बाद अन्य वारदातों को भी अंजाम देना था। शमशेर को विश्वास था कि जिन लोगों के घर धमकी भरी पर्ची फेंकी है, वे लोग डर के मारे पुलिस को नहीं बताएंगे।

रविवार को शहर पुलिस ने बाइकर्स गैंग की फायरिंग के मामले में तेलियान पुल के अविनाश को काबू किया था। पूछताछ के दौरान अविनाश ने दो नामों का और खुलासा किया। उसने बताया कि शुक्रवार रात को डोगरान मोहल्ला में लस्सी वाले को गोली मारने की घटना में राजकुमार उर्फ फौजी और सन्नी शामिल थे। इन दोनों ने ही घटना को अंजाम दिया था।

असला करना है बरामद 

शहर पुलिस रिमांड के दौरान अविनाश, शमशेर, केशू और मनोज बिश्नोई ने वारदातों में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी करेगी। पूछताछ के दौरान अविनाश ने बताया कि उसने 32 बोर का एक पिस्तौल दोस्त राजू के पास अजमेर में छिपा रखा है और दूसरा 315 बोर का मेहंदीपुर में बलवान के पास रखा है। एक घंटे तफ्तीश के दौरान शमशेर ने बताया कि 12 बोर का एक पिस्तौल राजस्थान के पाली गांव में छिपाया है और दूसरा 312 बोर का राजस्थान के हिलवाड़ा मे राजेंद्र के पास रखा हुआ है।

तीनों पर हत्या के केस

शमशेर, मनोज बिश्नोई और केशव तीनों केंद्रीय कारागार में अलग अलग हत्या के मामले में उम्र कैद का सजा काट रहे हैं। सरगना शमशेर उर्फ लालू ने सैनियान मोहल्ला के बंसी लाल की हत्या की थी। वह उसी मामले में 17 जनवरी 2008 से उम्र कैद की सजा काट रहा है। मनोज बिश्नोई ऋषि नगर के भजनलाल बिश्नोई की हत्या के आरोप में 2000 से जेल में बंद है और केशू शिवनगर के राकेश बड़ भुजा के हत्या के आरोप में 31 अगस्त 2010 से उम्र कैद की सजा काट रहा है।

source:-bhaskar.com

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites More