Sunday, 17 July 2011

सावन का पहला सोमवार आज

कुरुक्षेत्र. सावन माह में प्राचीन स्थाणोश्वर महादेव में स्थित शिवलिंग की उपासना का विशेष महत्व है। स्थाणोश्वर महादेव मंदिर में स्थित शिवलिंग अनादिकाल से स्थित है।

स्थाणोश्वर महादेव मंदिर के महंत स्वामी प्रभातपुरी महाराज के मुताबिक वामन पुराण में भी इसका उल्लेख मिलता है कि यहां श्री ब्रह्मा जी ने सृष्टि के आदि काल में इस शिवलिंग की स्थापना की थी। निश्चल निर्विकार रूप में स्थित इस शिवलिंग की कामना या निष्काम रह कर गई उपासना से समस्त सुखों की प्राप्ति के बाद मोक्ष मिलता है। महाभारत युद्ध से पूर्व भगवान श्री कृष्ण ने पांडवों के साथ शिवलिंग की पूजा अर्चना कर विजय की कामना की थी।

Friday, 15 July 2011

कंपार्टमेंट आने पर हताश दसवीं के छात्र ने जान दी

हिसार. दसवीं की परीक्षा में दो विषयों में कंपार्टमेंट आने से निराश एक छात्र ने गुरुवार रात जहर खाकर जान दे दी। सूर्य नगर की गली नंबर दस में रहने वाला सुनील रूला अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

उसके पिता दलबीर रूला बिजली निगम में ड्राइवर हैं। सुनील ने होली चाइल्ड स्कूल से दसवीं की परीक्षा दी थी। 31 मई को उसका परिणाम आया था। वह सामाजिक विज्ञान और हिन्दी में पास नहीं हो सका था। पिता दलबीर ने पुलिस को बताया कि कंपार्टमेंट आने के बाद से सुनील परेशान रहने लगा था। गुरुवार रात खाना खाने के बाद वह किरायेदार सुदेश के कमरे में टीवी देखने गया था।

करीब दस बजे उनके पास से आया और कमरे में चला गया। रात साढ़े दस बजे सुनील ने कहा कि उसके पेट में दर्द है। उसे निजी अस्पताल में लेकर गए। जांच करने के बाद डॉक्टर ने कहा कि सुनील ने जहर खाया हुआ है। इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। दोपहर बाद सुनील का पैतृक गांव पंघाल में अंतिम संस्कार किया गया।

मुझे नहीं लगा, वो ऐसा कर लेगा : सुदेश

सुनील के मकान मंे किरायेदार सुदेश का कहना है कि कल रात जब वह मेरे साथ टीवी देख रहा था तो मुझे एक बार भी ऐसा नहीं लगा कि वह किसी चिंता में है। वह बिलकुल सामान्य नजर आ रहा था। हालांकि उसने मुझसे कोई ज्यादा बातचीत नहीं की। बस वह टीवी देखने में मस्त था। कुछ देर बाद जब मुझे घटना का पता लगा तो विश्वास ही नहीं हुआ। वैसे सुनील हंसमुख था। मगर कंपार्टमेंट आने के बाद से मायूस रहने लगा था। परिवार के लोग उस पर पूरा ध्यान भी देते थे। एक महीने पहले ही नई साइकिल दिलवाई थी। दो दिन पहले ही वह एक नई जींस लेकर आया था।

सुनील की मृत्यु की सूचना मिलने पर जब उसके बारे में टीचर्स से पता किया तो वे यह सुनकर हैरान थे। क्योंकि वह ऐसा कदम उठाने वाला छात्र नहीं लगता था। बेशक उसकी कंपार्टमेंट आ गई थी लेकिन वह पढ़ाई में ठीक ठाक था। ताईक्वांडो खेलने में उसकी रुचि थी।

आरएस सिंधु, प्रिंसिपल, होली चाइल्ड स्कूल, हिसार

source:-bhaskar.com

15 लाख न देने पर दुकानदार को अगवा करने का प्रयास

हिसार. मिल गेट रोड स्थित एक दुकान पर गुरुवार रात दो युवक आए। आरोप है कि उन्होंने श्यामलाल ढाणी के दुकानदार विकास शर्मा से 15 लाख रुपए मांगे। रुपए देने से मना करने पर दुकान का काउंटर तोड़ दिया और विकास के अपहरण का प्रयास किया। शुक्रवार को रोष स्वरूप दुकानदारों ने दुकानें बंद रखीं। पुलिस ने श्यामलाल ढाणी के आरोपी धर्मबीर और उसके साले सिरसा के धर्मबीर को गिरफ्तार कर लिया है।

दुकानदार विकास शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह रात अपने दादा राधाकृष्ण शर्मा के साथ दुकान पर बैठा था। धर्मबीर अपने साले के साथ करीब साढ़े आठ बजे दुकान पर आया। आरोप है कि युवकों ने विकास से 15 लाख रुपए मांगे और तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। आरोप है कि विकास को अपने साथ ले जाने लगे और बोले कि 15 लाख रुपए दे देना और विकास को ले जाना।

आसपास के लोग एकत्रित हो गए और दोनों युवक मौके से फरार हो गए। बाद में दुकानदार एकत्रित होकर एसपी हनीफ कुरैशी के आवास पर गए। शुक्रवार सुबह रोष स्वरूप दुकानें बंद रखीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

धर्मबीर दोस्त था और साथ पढ़ता था

विकास ने बताया कि धर्मबीर और वह लाहौरिया स्कूल में पढ़ते थे और अच्छे दोस्त भी थे। लेकिन काफी समय से दोनों के बीच में कोई संपर्क नहीं था। आरोप यह भी है कि 30 जून को धर्मबीर का फोन आया और रुपये मांगने लगा। रुपए न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही। जब घरवालों को यह बात बताई तो उन्होंने आपस में बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश की। लेकिन बात नहीं बनी।

source:-bhaskar.com

Thursday, 14 July 2011

एटीएम से निकले पांच सौ रुपए के नकली नोट

फरीदाबाद. एनआईटी निवासी बैंक ग्राहक ने एक-दो चौक स्थित महाराष्ट्र बैंक के एटीएम से पांच सौ रुपए के नकली नोट निकलने का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि उन्होंने बुधवार को बैंक के एटीएम से छह हजार रुपए निकलवाए थे। इनमें से 500 रुपए के तीन नोट नकली निकले। नोटों को वापस करने को लेकर शिकायतकर्ता ने बैंक में जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस व बैंक प्रबंधन की ओर से शिकायतकर्ता का पैसा वापस करने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

क्या है मामला

एनएच-2 निवासी जितेंद्र भाटिया ने कहा कि उन्होंने बुधवार दोपहर 12 बजकर 24 मिनट पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीमए से छह हजार रुपए निकलवाए थे। उन्हें वे पैसे किसी काम के लिए दूसरे बैंक एकाउंट में जमा कराने थे। जब वे वहां रुपयों को जमा कराने पहुंचे तो मशीन ने उनमें तीन नोट को नकली बताया। बैंक अधिकारियों ने तीन नोट पर क्रॉस मारकर वापस कर दिया। इसके बाद जितेंद्र नोट लेकर वापस महाराष्ट्र बैंक के अधिकारियों से मिला।

उन्होंने रुपयों को वापस करने की भी कोई गारंटी नहीं दी। इस बात को लेकर शिकायतकर्ताओं ने बैंक के बाहर हंगामा किया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। बैंक प्रबंधन ने मौके पर ही नोट जांच करने वाली टीम को बुलाया। एफएसएस ने एटीएम को सील कर दिया। बैंक प्रबंधन ने एफएसएस से एटीएम का सारा कैश जांच करने के लिए दिया है। जल्द ही इसकी रिपोर्ट आ जाएगी।

क्या कहते हैं बैंक अधिकारी

बैंक मैनेजर एचबी उपेरिकर ने कहा कि एटीएम की नकदी से बैंक का कोई लेना-देना नहीं होता। यह आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एटीएम में डाला जाता है। बैंक की ओर से जितेंद्र को आश्वस्त किया गया है कि उनके रुपए लौटा दिए जाएंगे। इस बाबत एजेंसी को भी चेतावनी दी गई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था।

आप भी रहें सतर्क

विशेषज्ञों के मुताबिक बैंक से रुपए निकालने के बाद अक्सर लोग बिना जांचे ही रुपयों को ऐसे ही रख लेते हैं। बाद में पता चलने पर उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। इसलिए लोगों को अपने स्तर पर भी सतर्क रहना चाहिए। एटीएम से रुपयों निकालने के बाद पहले उनकी जांच कर लें। अगर कुछ शक है तो उसी बैंक की शाखा से जांच कराएं, ताकि बाद में आपको नुकसान न झेलना पड़े।

source:-bhaskar.com

बेगना नदी में बहे सेना के जवान, एक की मौत

शहजादपुर (अम्बाला). शहजादपुर एरिया में बड़ागढ़ गांव के पास सेना के जवानों का शिविर बेगना नदी में अचानक आए पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और शिविर में सो रहे जवान पानी में बह गए।
हादसे का शिकार हुए जवानों में एक की मौत हो गई। बाकी जवान किसी तरह किनारे पहुंच कर जान बचाने में सफल रहे। मरने वाला जवान राजीव नैन डबराल (31) देहरादून का रहने वाला था।घटना मंगलवार रात की है।
ये जवान साल भर की ट्रेनिंग के बाद प्रैक्टिकल एक्सरसाइज के लिए इस इलाके में आए थे। उनका शिविर बेगना नदी के किनारे था। जवान दिन भर की एक्सरसाइज के बाद रात में शिविर में सो रहे थे। अचानक नदी में आए पानी के तेज बहाव की चपेट में उनका तंबू भी आ गया और सारे जवान बह गए।
पानी का बहाव इतना तेज था कि सेना की दो गाड़ियां भी पलटकर नदी की गाद में धंस गईं। बुधवार शाम तक सेना के जवान उन्हें निकालने के प्रयास में जुटे थे। हादसे में मौत का शिकार हुए जवान डबराल का शव सुबह नदी किनारे बनौंदी गांव के खेतों में मिला।
वह अम्बाला में स्थित एयर डिफेंस रेजी मेंट में तैनात था। हालांकि इस घटना के बारे में सेना की ओर से कोई अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।
चेताया था ग्रामीणों ने:
बड़ागढ़ के धर्मपाल, दीपा, काला व बिट्टू ने बताया कि दो दिन पहले सेना के कुछ जवान अभ्यास के लिए गांव में एरिया देखने आए थे। जवानों को उसी समय चेताया था कि बेगना नदी में अचानक पानी आ जाता है, लेकिन उनकी बात पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
मंगलवार शाम सेना के अधिकारियों ने जवानों को नदी के किनारे जिस जगह पड़ाव डालने के आदेश दिए, वह एक तरह से ‘डेंजर जोन’ है। रात करीब तीन बजे पहाड़ों पर हुई तेज बारिश से बेगना नदी में उफान आ गया और तंबुओं में सो रहे सेना के जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
रेकी कर चुनी जाती है साइट:
रिटायर्ड कर्नल जेएस विर्क के अनुसार, किसी भी यूनिट में सालभर की ट्रेनिंग के बाद प्रेक्टिकल के लिए इस तरह की एक्सरसाइज किया जाना सामान्य बात है।
एक्सरसाइज पर जाने से पहले सेना उस जगह की रेकी करती है। बड़ागढ़ के लोगों के चेताने के बावजूद रेकी करने आए सेना के जवानों ने साइट के लिए बेगना को ही चुना था तो जरूर इसकी कोई न कोई जायज वजह रही होगी।
source:-bhaskar.com

Thursday, 7 July 2011

पेयजल के पुख्ता प्रबंधों के प्रति गंभीर हों अधिकारी : राव


हिसार, वरिष्ठ संवाददाता : जिला प्रशासनिक सभागार में बृहस्पतिवार को लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक हुई। इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव राव दान सिंह ने 14 शिकायतें सुनीं। उन्होंने पेयजल के पुख्ता प्रबंधों पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेशवासियों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता है। जल जीवन की मूलभूत आवश्यकता है तथा इसके लिए सम्बन्धित विभाग के अधिकारी समय रहते सभी प्रकार के पुख्ता प्रबंध अग्रिम तौर पर रखें बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि जो भी शिकायतें प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष आती हैं उनका तुरंत समाधान करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को समिति की बैठक में मौजूद रहने के आदेश दिए। बैठक में उपस्थित न होने की अग्रिम सूचना उपायुक्त को समय रहते अवश्य दें, अन्यथा सम्बन्धित अधिकारी के खिलाफ अनुशासनिक कार्यवाही की जाएगी। बैठक में रखी गई 14 शिकायतों में सात का मौके पर निपटारा किया गया। जिनमें कैमरी रोड स्थित न्यू चन्द्र लेन कालोनी के सूरजभान, राकेश कुमार, राड़ा, बाला आदि की शिकायत थी कि गंगवा माडर्न कोपेरेटिव हाऊस बिल्डिग सोसायटी पहले से ही बेचे गये प्लाटों के मालिकों की जानकारी के बिना ही दोबारा प्लाटों को बेच रही है। इस पर अध्यक्ष ने उप रजिस्ट्रार सहकारी समिति को दो माह में सोसायटी का पूरा रिकॉर्ड अपने कब्जे पूरा ब्यौरा अगली बैठक में रखने का आदेश दिया।
खोखा गाव के जलघर में घटिया निर्माण सामग्री प्रयोग करने की शिकायत पर भी संज्ञान लेते हुए एसडीएम को निर्माण सामग्री के सैंपल लेने के लिए कहा। गाव लाधड़ी के हनुमान, कृष्ण, बसंत कुमार व राममूर्ति आदि ने पृथ्वी सिंह नामक व्यक्ति पर खाल तुड़वाने व रास्ता बंद करने की शिकायत रखी। पाच सदस्यीय कमेटी गठित करके जांच के आदेश दिए गए। गाव चिड़ौद के रतन ने अपनी खरीदी गई जीप को किसी अन्य के नाम रजिस्ट्रेशन करवाने संबंधी शिकायत बैठक में रखी थी, जिस पर अध्यक्ष ने महाप्रबंधक हरियाणा राज्य परिवहन को आदेश दिये कि वे दोनों पक्षों को अपने समक्ष बुलाकर इस शिकायत का निवारण करे। बैठक में उपायुक्त डा. अमित अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक हनीफ कुरैशी, एसडीएम अमरदीप जैन व हासी के सुभाष चन्द्र गाबा सहित सभी विभागों के अधिकारी व जनपरिवाद समिति के सदस्य मौजूद थे।
source:-jagran.yahoo.com

अब स्वच्छ रहेगा सरस्वती सरोवर

पंचकूला. प्रदेश सरकार कुरुक्षेत्र जिले में स्थित विख्यात पिहोवा तीर्थ के सरस्वती सरोवर के पानी को स्वच्छ रखने के लिए फिल्ट्रेशन प्लांट लगाने जा रही है। इसके लिए 67.5 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।

हालांकि सरोवर के साइज व उसके पानी की मात्रा को देखते हुए कम से कम तीन फिल्ट्रेशन प्लांट लगने चाहिए, लेकिन अभी पायलट प्रोजेक्ट के तहत राज्य के वाटर सप्लाई व सीवेज बोर्ड ने 50 हजार लीटर प्रति घंटा क्षमता का एक प्लांट लगाने की मंजूरी दी है। यह प्लांट डाइनासैंड फिल्टर तकनीक पर आधारित होगा। 

यह तकनीक नई है,जो री सर्कुलेशन के जरिये पानी की सफाई करती है। इसी तकनीक का एक प्लांट अभी पंजाब के पठानकोट में चल रहा है। पब्लिक हेल्थ विभाग ने पिहोवा में प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरु कर दी हैं। उम्मीद है कि प्लांट इसी साल अंत तक काम करना शुरू कर देगा। प्रदेश में अपनी तरह का यह पहला फिल्ट्रेशन प्लांट होगा। सरस्वती सरोवर करीब 100 मीटर लंबा और इतना ही चौड़ा है। इसमें पानी भरने के लिए सरकार ने आठ ट्यूबवेल तो लगा ही रखे हैं साथ ही भाखड़ा माइनर नहर से भी पानी लिया जाता है।

चैत्र की चतुर्दशी पर लगता है मेला

पिहोवा तीर्थ पर हर साल चैत्र की चतुर्दशी पर बड़ा मेला लगता है। इस मेले में विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और अपने दिवंगत परिजनों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना व पूजा आदि के बाद सरस्वती सरोवर में डुबकी लगाते हैं। यूं भी मृतकों के पिंड दान आदि कराने के लिए हर रोज दर्जनों परिवार पिहोवा तीर्थ आते हैं और सरोवर में डुबकी लगाते हैं।

यूं गंदा हो रहा है पानी

सरोवर का पानी लोगों के नहाने व लगातार खड़ा रहने के कारण तो गंदा होता ही है, कई लोग नहाने के बाद कपड़े भी धो लेते हैं। इसके अलावा लोग पूजा पाठ व रीति रिवाज पूरे करने के लिए सरोवर में कई प्रकार की चीजें भी डालते हैं
source:bhaskar.com

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites More