Thursday 18 August 2011

अन्ना के समर्थन में पूरा शहर सड़कों पर

फरीदाबाद. अन्ना हजारे के समर्थन में बुधवार को पूरा शहर सड़कों पर उतर आया। हर तरफ प्रदर्शन, रैली, जाम और कैंडल मार्च। इंकलाब जिंदाबाद, भ्रष्टाचार की जंग में हम तुम्हारे साथ हैं, देश को भ्रष्टाचार से आजादी दिलानी है जैसे नारों से पूरा दिन शहर गूंजता रहा। ‘अन्ना नहीं ये आंधी है’ के नारे लगाते हुए युवा सड़कों पर निकल पड़े। रैलियों और प्रदर्शनों से जगह-जगह जाम लगा रहा। अन्ना के समर्थकों की गिरफ्तारियां भी हुईं।

सड़कों पर उतरे छात्र 

भारतीय जनता युवा मोर्चा, युवा इनेलो, इनसो, एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने अन्ना के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन कर गिरफ्तारियां दीं। युवाओं का समूह नारेबाजी करते हुए मथुरा रोड तक गया, जहां उन्होंने हाइवे जाम करने की कोशिश की। इसकी सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने युवाओं को शांत करने की कोशिश की, लेकिन उनके गुस्से और जोश के आगे पुलिस की एक न चली। इसके बाद पुलिस ने छात्रों को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।

छात्र नेता अमर सिंह दलाल ने इस अत्याचार के खिलाफ केंद्रीय गृहमंत्री का इस्तीफा मांगा। मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अनूप चौधरी ने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली असंवैधानिक है। अनिल नरवत ने कहा कि जन लोकपाल को जल्द से जल्द से लागू किया जाए। इस मौके पर इनसो के प्रभारी जगत सौरोत, एबीवीपी के सह-संयोजक, गौरव ठाकुर, अरुण नरवत, सोनू ठाकुर, मोक्ष, मोहित ने कहा कि एबीवीपी के करीब 25 छात्रों ने गिरफ्तारियां दीं।

धरना-प्रदर्शन से जाम 

अन्ना के समर्थन में इनेलो कार्यकर्ताओं ने बादशाह खान चौक पर धरना देकर प्रदर्शन किया। इससे शहर के विभिन्न मार्गो पर जाम लग गया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व युवा इनेलो के जिलाध्यक्ष विकास चौधरी और शहरी अध्यक्ष नगेंद्र भड़ाना कर रहे थे। इनेलो कार्यकर्ताओं ने बादशाह खान चौक से लेकर नीलम चौक तक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते नीलम-बाटा रोड, हार्डवेयर, बीके रोड, रेलवे रोड, बीके केसी रोड पर जाम के हालात बने रहे। प्रदर्शन करने वालों में इनेलो के संजय डागर, अजय भड़ाना, विजयपाल तेवतिया, जीआर भड़ाना, संतोष शर्मा, लखन बेनीवाल, गौरव विरमानी, कमल नरौना, मंजीत धारीवाल, मोहन डागर आदि मौजूद थे।

अनशन पर डटे दुकानदार 

एसजीएम नगर शॉप कीपर वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने पटेल चौक पर अन्ना के जन लोकपाल बिल को लागू कराने के समर्थन में धरने पर बैठे। इनमें एसोसिएशन के चेयरमैन दयाचंद सैनी, संरक्षक अनोख सिंह, प्रधान सुरेंद्र दुग्गल व महासचिव सतीश सांगवान शाम पांच बजे तक अनशन पर बैठे। इसके अलावा धरने पर बैठने वाले कैप्टन सिरोही, सत्येंद्र शर्मा, आरडी व्यास, जयपाल चंदीला, राजीव मिश्रा, अतर सिंह, डॉ. कौशिक, बिजेंद्र शर्मा, मुकेश चौधरी, महेंद्र पाल, किशन सिंह सैनी समेत आम लोग भी धरने पर बैठे। इन्होंने कहा भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना आरपार की जंग छेड़ चुके हैं। इस जंग में देश की जनता उनके साथ है।

वकील बैठे भूख हड़ताल पर 

बार एसोसिएशन की तरफ से बुधवार को अन्ना हजारे के समर्थन में नौ वकील अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। इससे पहले कोर्ट परिसर में वकीलों ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने सशक्त जन लोकपाल को पास करने की मांग की।

भूख हड़ताल पर बैठने वाले वकीलों में एसोसिएशन के पूर्व वरिष्ठ उपप्रधान शिवदत्त वशिष्ठ, सुखराम जाखड़, हमबीर सिंह भड़ाना, आरपी नाहर, राजकुमार भाटी, रमेश शर्मा, भागीरथ शर्मा, शशि मिश्रा, उदयबीर सिंह नागर थे। इस मौके पर सरकार की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ किया गया। वकीलों ने प्रतिज्ञा ली कि जब तक केंद्र सरकार लोकपाल बिल संसद में पास नहीं करती तब तक जिला बार एसोसिएशन के वकील हड़ताल पर रहेंगे।

भाकपा ने निकाला जुलूस 

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, अखिल भारतीय नौजवान सभा एवं अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ व प्रभावी जन लोकपाल पेश करने के लिए विशाल जुलूस निकाला। इसका नेतृत्व संगठन प्रमुख नेता दर्शन सिंह, बेचू गिरि, नारायण प्रसाद, तरसेम सिंह, आरएन सिंह, नौजवान नेता, दिनेश सिंह, अरुण सिंह, बिसंभर सिंह, मदन लाल खत्री व मिट्ठू लाल यादव ने किया। कार्यकर्ता व आम लोगों ने शामिल होकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके अलावा भाजपा का भी पूरे दिन नीलम चौक पर अन्ना के समर्थन में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रहा।

आंदोलन के समर्थन में पदयात्रा

संजय कॉलोनी सेक्टर-23 मार्केट के लोगों ने सेक्टर-22, 23 में रवि सोनी एवं संजीव कुमार के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने मार्केट को बंद रखा। उन्होंने कहा अन्ना हजारे भ्रष्टाचार को खत्म करने के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। अगर सरकार भ्रष्ट नहीं है तो वह इस आवाज को इस अलोकतांत्रिक ढंग से क्यों कुचल रही है। सोनी ने कहा कि पूरा देश अन्ना हजारे के साथ है। पदयात्रा 22 फुट रोड से होती हुई सेक्टर-23, 22 व 33 फुट रोड, सोहना रोड से होते हुए 22 फुट रोड पर आकर समाप्त हुई।

जनता की चेतावनी

जवाहर कॉलोनी स्थित नैन चौक से सभी संगठनों के कार्यकर्ता व आम लोगों ने एकजुट होकर कैंडल मार्च निकाला। मार्च नैन चौक से प्याली चौक तक निकाला गया। इसके अलावा क्षत्रिय एकता मंच व अन्य 16 संस्थाओं ने हजारों की संख्या में एकजुट होकर नंगला चौक से कैंडल मार्च निकाला। भारतीय जन सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र सिंह कीना के नेतृत्व में भ्रष्टाचार विरोधी रैली निकाली गई। यह रैली सेक्टर-52 से चलकर संजय कॉलोनी, सेक्टर-22, 23, जवाहर कॉलोनी, बीके चौक, नीलम चौक, बाटा चौक से होते हुए हार्डवेयर चौक पर रैली का समापन किया गया।

भ्रष्टाचार से आजादी के लिए लड़ाई

ईस्ट इंडिया कॉलोनी सेक्टर-22 के लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ और हजारे के समर्थन में शांति पूर्वक कैंडल मार्च निकाला। लोगों का मुख्य नारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध भारत की आजादी की दूसरी लड़ाई था। यहां पर कॉलोनी के प्रधान गोविंद सिंह और शिव एवं माता वैष्णो देवी मंदिर संस्थान के प्रधान प्रमोद गिल, केवी चौधरी, राजेंद्र पोदार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ इस जंग में विजयी होने के लिए प्रार्थना की।

कॉलोनी के किशन बारी ने कहा कि भ्रष्टाचार की लड़ाई में पूरा देश एकजुट है। अब भारत को भ्रष्टाचार से भी आजादी दिलानी होगी। एमपी नागर की अध्यक्षता में एंटी करप्शन फ्रंट की एक आपात बैठक में निर्णय लिया गया कि 19 अगस्त को अन्ना व जन लोकपाल के समर्थन में डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

source:-bhaskar.com

0 comments:

Post a Comment

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites More