Friday 19 August 2011

ट्रेन के आगे कूद युवक युवती ने की खुदकुशी


बरवाला/हिसार. आईटीआई पास 21 साल के एक युवक और 16 साल की लड़की के शव गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर मिले। शवों के पास ही टूटे हुए दो मोबाइल और साइकिल पड़ा मिला।

घटना बरवाला के पास गांव दौलतपुर की है। शवों की हालत देख लगता है कि दोनों ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी की है। लड़का साहू गांव का संजय और लड़की नया गांव की किरण थी। लड़की की कुछ समय पहले ही सगाई हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों के प्रेम संबंध थे।

दौलतपुर स्टेशन के पास ढाणी में रहने वाले एक व्यक्ति ने सुबह करीब सात बजे दोनों के शव देखे और राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना दी। वहां मिले मोबाइल सिम के जरिये ही पुलिस ने लड़के की शिनाख्त की। दोनों दलित समुदाय से संबंध रखते थे। मृतक संजय के पिता फूल सिंह ने बताया कि संजय ने टोहाना से आईटीआई पास की थी। 6 महीने से खेती बाड़ी के काम में हाथ बंटाता था।

किरण के पिता रामनिवास का ननिहाल साहू में है। अक्सर किरण साहू आती थी। लेकिन दोनों परिवारों को कभी यह अहसास नहीं हुआ कि दोनों को आपस में प्यार है। फूल सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे तक संजय घर पर था। उसके बाद मैं सोने के लिए चला गया और संजय अपने भाई के साथ छत पर सो गया। सुबह उठ कर देखा तो संजय घर पर नहीं था और साइकिल भी गायब थी। सोचा संजय साइकिल लेकर खेत में गया होगा। सुबह करीब साढ़े सात बजे पुलिस का फोन आया और घटना के बारे में सूचना दी। संजय के परिवार में उसका छोटा भाई और बहन, माता-पिता हैं।

कुछ दिन पहले हुई थी लड़की की सगाई

ग्रामीणों के मुताबिक साहू में ही संजय और किरण की करीब दो साल पहले मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम हो गया। आठवीं पास किरण अपने पिता के साथ बरवाला में कपड़े सिलाई का कार्य करती थी। किरण के घरवालों ने कुछ दिन पहले ही उसकी सगाई की थी। शायद सगाई के चलते दोनों ने ऐसा कदम उठाया है। लड़की के घरवालों का कहना है कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता।
source:-bhaskar.com

0 comments:

Post a Comment

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites More