Thursday 7 July 2011

मंडप में पहुंची बारात और दूल्हे पर पड़ने लगा लात-घूंसा

तोशाम. गांव कैरू में बुधवार दो लड़कियों की शादी में खूब घमासान हुआ। एक ही घर की दो बेटियों को ब्याहने के लिए हिसार के एक गांव से आए दो दूल्हों और बारातियों को लड़की वालों ने लात-घूसों से धुन डाला। एक बाराती को तो पीटकर अधमरा कर दिया, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया गया।
मामला फेरों के समय बिगड़ा जब वधु पक्ष को पता लगा कि लड़के वाले उनकी जाति के नहीं हैं। उन्हें अंधेरे में रख कर बिचौलिए ने रिश्ता करवा दिया है। इसके बाद लड़कियों के परिवार वाले दूल्हा पक्ष पर टूट पड़े। पुलिस के अनुसार गांव कैरू के एक व्यक्ति की दो बेटियों की बुधवार को शादी थी। इसके लिए हिसार के एक गांव रोहिल्ला से दोपहर एक बजे बारात आ गई। 
बारात में करीब 80 बाराती थे। आवभगत का काम पूरा हो गया। इसी दौरान बारात पक्ष का एक व्यक्ति कैरू में ही अपने एक रिश्तेदार के यहां चला गया। जब रिश्तेदार उसे वापस छोड़ने आया तो पता चला कि लड़के और लड़कियों की जातियां अलग हैं। 
इस बात की जानकारी जब तक दुल्हन पक्ष को मिलती तब तक दुल्हनें ढुकाव की रस्म पूरी कर चुकी थीं। दूल्हे भी फेरे लेने के लिए पाटड़ों पर बैठ चुके थे। मगर दूसरी जाति से बारात आने की बात सुनकर दुल्हन पक्ष के लोग भड़क उठे। उन्होंने पाटड़े पर बैठे दोनों दूल्हों, उनके पिता, रिश्ता तय कराने वाले बिचौलिए और वहां खड़े बारातियों की धुनाई शुरू कर दी। 
भाग खड़े हुए बाराती
अचानक हुए इस घटनाक्रम से बारातियों में हड़कंप मच गया। वे वहां से भाग खड़े हुए। मगर इसी दौरान एक बाराती भीड़ के हाथ आ गया। उस बाराती को दुल्हन पक्ष के लोगों ने पीटकर अधमरा कर दिया। इस बात की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने किसी तरह दुल्हन पक्ष को शांत कराया और दोनों पक्षों को लेकर चौकी आ गई। 
यहां पुलिस के सामने खुलासा हुआ कि दुल्हनों का पिता हिसार के एक गांव में ईंट भट्ठे पर काम करता है। वहीं उनकी पहचान उसी क्षेत्र के एक व्यक्ति से हो गई। उसी व्यक्ति की मध्यस्थता से यह रिश्ता तय किया गया था। मगर रिश्ता कराते समय बिचौलिए ने दोनों पक्षों की जाति छिपा ली। दूसरी ओर बिचौलिए ने कहा कि मुझसे रिश्ता कराते समय यह ध्यान नहीं रहा कि इन दोनों की जातियां अलग हैं। 
चौकी में कई देर तक इस बात को लेकर दोनों पक्षों के अलावा बिचौलिए के बीच भी बहस होती रही। दुल्हन पक्ष ने बताया कि हमने बारात के खाने के लिए 30 हजार रुपए खर्च किए हैं। दूल्हा पक्ष यह देता है तो हम समझौता कर लेंगे। इस बात को दूल्हा पक्ष ने स्वीकार कर लिया। इस पर शाम करीब सात बजे दूल्हा पक्ष बैरंग ही वापस लौट गया। इस बारे में तोशाम के थाना प्रभारी उमेद सिंह ने बताया कि कैरू में इस विवाद की जानकारी मिलने पर मैं भी चौकी पहुंच गया था। यहां पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया गया। बाद में इन पक्षों में समझौता हो गया।
source:-bhaskar.com

0 comments:

Post a Comment

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites More