Monday 27 June 2011

शहीदों के आश्रितों को जल्द हो पेट्रोल पंपों का आवंटन

नई दिल्ली. मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र सरकार से शहीदों की विधवाओं एवं आश्रितों को पेट्रोल पंपों के आवंटन के लिए समयबद्ध प्रणाली तय करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि शहीदों के आश्रितों को आवंटन जल्द और प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

सीएम ने क्षोभ जताते हुए कहा कि आमतौर पर शहीदों की विधवाओं, आश्रितों व पूर्व सैनिकों को पेट्रोल पंपों के आवंटन में ५-१क् वर्ष का समय लग जाता है, जो सही नहीं है। इसके लिए उचित समय सीमा निर्धारित की जानी चाहिए व आवंटन जल्द किया जाना चाहिए।

हुड्डा ने यह आग्रह सोमवार सुबह यहां विज्ञान भवन में आयोजित केंद्रीय सैनिक बोर्ड की 29वीं बैठक में रक्षा मंत्री एके.एंटनी से किया। हुड्डा ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रतिबद्घ है। इसके लिए उसने कई कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं और सेवारत सैन्य कर्मचारियों के लिए प्रदेश के नौ शहरों में डिफेंस कालोनियां विकसित की जा रही है। रोहतक, झज्जर, हिसार, जींद और रेवाड़ी की डिफेंस कालोनियों के लिए रियायती दर पर प्लाट पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन सैन्य कर्मचारियों की मृत्यु कार्यकाल के दौरान हो जाती है, उनकी विधवाओं को अतिरिक्त पेंशन दी जाती है तथा पूर्व सैनिकों के नवीं कक्षा या इससे ऊपर की कक्षा में पढ़ने वाले बच्चों की छात्रवृति भी दोगुनी कर दी गई है। नौकरियों में पूर्व सैनिकों के लिए ‘ए’ और ‘बी’ श्रेणी में पांच प्रतिशत तथा ‘सी’ व ‘डी’ श्रेणी में 14 प्रतिशत का आरक्षण है। बैठक में रक्षा राज्य मंत्री पल्लम राजू, पंजाब के राज्यपाल शिवराज पाटिल, कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री और मंत्री तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण से संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

कल्याण राशि बढ़ाई

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने चालू वित्त वर्ष में सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए 34.80 करोड़ रुपए की राशि में 18 करोड़ से भी अधिक की बढ़ोतरी करके इसे 53.10 करोड़ रुपए कर दिया है।

हरियाणा के 1.60 लाख जवान सेना में 

हरियाणा एक छोटा राज्य है, लेकिन प्रदेश के एक लाख 60 हजार जवान सेना में हैं और 2 लाख 68 हजार पूर्व सैनिक हैं। सैनिकों व उनके परिवारजनों को मिला कर इनकी संख्या 19 लाख से भी अधिक है।

source:-bhaskar.com

0 comments:

Post a Comment

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites More