Thursday, 30 June 2011

कार ने तीन लोगों को रौंदा, एक की मौत

हिसार. ठंडी सड़क स्थित सोहन सिनेमा के सामने गुरुवार शाम करीब चार बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक बेकाबू एस्टीम कार दुकान के बाहर चाय पी रहे तीन लोगों पर चढ़ गई। हादसे में 45 साल के सुनील की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों में भारत नगर का 50 वर्षीय प्रकाश सिंह और यूपी का 26 वर्षीय बनवारी लाल शामिल हैं।

कार चालक सहित दो लोग मौके से फरार हो गए और एक बच्चे को कार में ही छोड़ गए। आसपास के लोगों ने घायलों को कार के नीचे से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हादसे में मारा गया सुनील रिक्शा चालक था और डबल फाटक के पास चूना भट्टी के पास रहता था। आरोपी चालक रोहतक का रहने वाला राजेश बताया जाता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घायल प्रकाश सिंह और बनवारी लाल ने बताया कि वह अक्सर रमेश टी स्टाल पर चाय पीने आते हैं। गुरुवार को चाय पीने के लिए दुकान पर आए। हाथ में चाय का कप लिए दुकान के बाहर बैठे टीवी देख रहे थे। इतने में तेज गति से एक कार आई। इससे पहले कुछ समझ पाते कार ने सीधी टक्कर मार दी और घसीटते हुए थोड़ी दूर ले गई। जिससे वे जख्मी हो गए।

प्रत्यक्षदर्शी अनिल और मुकेश के अनुसार कार की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा के करीब रही होगी। देखते ही देखते गाड़ी ने तीन लोगों को रौंद दिया। उनके चीखने-चिल्लाने की आवाजें आईं। इतने में कार में से उतरे दो व्यक्ति सब्जी मंडी की तरफ भाग गए। आसपास के लोगों की सहायता से गाड़ी के नीचे फंसे तीनों लोगों को निकाला गया और सिविल अस्पताल ले गए। जहां एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।

बच्चे को गाड़ी में छोड़ भागे

एस्टीम कार में दो लोगों के अलावा करीब तीन साल का एक बच्चा भी था। घटना के बाद दोनों व्यक्ति भाग निकले। उन्होंने यह भी नहीं देखा कि उनके साथ बैठे बच्चे की हालत क्या है। लोगों ने बच्चे को कार से निकाला। बच्चा घबराया हुआ था। डेयरी में रहने वाला युवक मुकेश बच्चे को अंदर ले गया। उसे पानी पिलाया। थोड़ी देर बाद जब उससे पूछा गया तो उसने अपना नाम तो नहीं बताया पर उसने लोगों को बताया कि उसके पापा राजा गाड़ी चला रहे थे।

source:-bhaskar.com

0 comments:

Post a Comment

Pages 191234 »
Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites More